सिरफिरे आशिक ने कॉलेज में प्रेमिका का गला काटा

रांची।। झारखंड के प्रतिष्ठित सेंट जेवियर्स कॉलेज में एक सिरफिरे आशिक ने परीक्षा देने आई छात्रा की गला काटकर हत्या कर दी। कत्ल की वारदात को अंजाम देने के बाद जब इंजीनियरिंग का छात्र बिजेंद्र प्रसाद भागने लगा तो वहां मौजूद छात्रों ने उसे पकड़ लिया और जमकर धुनाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बिजेंद्र ने सबके सामने भुजाली से एक ही झटके में रांची के तुपुदाना की रहने वाली 19 वर्षीय खुशबू का सिर धड़ से अलग कर दिया। वह रवींद्र नाथ टैगोर इंटर कॉलेज, हटिया की छात्रा थी और इंटर (अर्थशास्त्र) की परीक्षा देने सेंट जेवियर्स कॉलेज आई थी। विजेंद्र जमशेदपुर के आरडी टेक्निकल इंस्टिट्यूट का छात्र है और वहीं का रहने वाला भी है। मैट्रिक तक की पढ़ाई खुशबू ने जमशेदपुर में अपनी नानी के यहां रहकर सोनारी के दयानंद आर्य विद्यालय से की थी। विजेंद्र भी इसी स्कूल का छात्र था और बताया जा रहा है कि यहीं दोनों करीब आए।

प्यार की बात जब घर वालों को पता चली तो खुशबू को उसके घर रांजी भेज दिया गया। यहीं पर रहकर वह इंटर की पढ़ाई करने लगी। परिवार ने दूसरे लड़के के साथ उसकी शादी भी तय कर दी। यही बात बिजेंद्र को नागवार गुजरी। बिजेंद्र बुधवार की सुबह ही जमशेदपुर से रांची पहुंचा और परीक्षा शुरू होने से पहले खुशबू को समझाया कि वह किसी दूसरे से शादी न करे। वह इसे बर्दाश्त नहीं करेगा। लेकिन खुशबू नहीं मानी और परीक्षा देने चली गई।

खुशबू से बहस के बाद भी बिजेंद्र वहां से नहीं गया। जैसे ही परीक्षा खत्म होने का समय आया, वह बाहर मैदान में बैठी खुशबू की नानी बसंती देवी की नजरें बचाता हुआ कॉलेज की बिल्डिंग में दाखिल हो गया और सीढ़ी के पास जा छुपा। परीक्षा देकर जैसे ही खुशबू बाहर आने लगी, सीढ़ियों के पास छुपा बिजेंद्र उसके सामने जा खड़ा हुआ। जब तक वह उसके इरादों को भांप पाती, बिजेंद्र ने बाएं हाथ से उसके सिर के बाल पकड़े और दाएं हाथ से उसके गले पर भुजाली से वार कर दिया। पलक झपकते ही खुशबू का सिर धड़ से अलग हो गया। इसके बाद वहां से भागा और भुजाली मैदान में ही फेंक दी। मैदान में फुटबॉल खेल रहे छात्रों ने उसे दबोच लिया। इसी दौरान गार्ड ने कॉलेज का मुख्य दरवाजा बंद कर दिया।

Post a Comment

0 Comments