सोनाक्षी अपने मूल्यों से समझौता नहीं करेगी : शत्रुघ्न सिन्हा


नई दिल्ली। फिल्म दबंग में अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा का भारतीय अंदाज संयोगवश ही नहीं है। उनके पिता शत्रुघ्न सिन्हा का कहना है कि उनकी बेटी आगामी फिल्मों में इसी तरह भारतीय महिला को प्रतिबिंबित करती रहेगी।
सिन्हा ने कहा लोग दबंग में उसके अंदाज की तारीफ कर रहे हैं। लंबे समय के बाद एक परंपरागत भारतीय नायिका पर्दे पर नजर आई है। सोनाक्षी आत्मसम्मान के दायरे में रह कर भूमिकाएं करती रहेगी। वह चूहा दौड़ के लिए अपने मूल्यों से समझौता नहीं करेगी। उसे कोई जल्दी नहीं है।
अभिनय से राजनीति में आए सिन्हा को लगता है कि पर्दे पर किरदार को पेश करने के लिए कम कपड़ों की तुलना में सही रवैया अधिक महत्वपूर्ण है।
पहली ही फिल्म से बिटिया को ख्याति मिलने पर सिन्हा प्रसन्न हैं। सोनाक्षी ने दबंग के सह अभिनेता सलमान खान के साथ एक फिल्म साइन कर ली है। इसके अलावा वह फराह खान, संजय लीला भंसाली तथा साजिद नाडियाडवाला जैसे निर्देशकों के साथ काम कर रही हैं। दर्शक सोनाक्षी को रेस 2 में भी देखेंगे।
बड़े पर्दे पर 70 और 80 के दशक में अपनी अभिनय क्षमता का लोहा मनवाने वाले शत्रुघ्न सिन्हा को अपने बच्चों से प्रतिस्पर्धा का डर नहीं है। वह कहते हैं मुझे नहीं लगता कि मुझे उनसे प्रतिस्पर्धा में पिछड़ने की आशंका है। अभिभावक अपने बच्चों की सफलता को लेकर कभी असुरक्षित महसूस नहीं करते। मेरे बच्चों के आगे निकलने पर मुझे खुशी होगी।
सिन्हा के बेटे लव ने पिछले साल राज कंवर की फिल्म सदियां से अभिनय के क्षेत्र में कदम रखा था लेकिन फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हो गई। अपनी विशिष्ट संवाद अदायगी की वजह से शॉटगन कहलाने वाले सिन्हा ने कहा मुझे उस फिल्म का विषय पसंद आया था और लव को अपने दम पर वह भूमिका मिली थी। राज कंवर एक प्रतिभावान निर्देशक हैं लेकिन फिल्म की रिलीज सही समय पर नहीं हुई थी। उस दौरान आईपीएल सीज़न चल रहा था और एक नए कलाकार की फिल्म देखने के बजाय लोगों ने क्रिकेट देखना पसंद किया। लेकिन लव हताश नहीं है। वह अगली फिल्म की तैयारियों के लिए चेन्नई में है।
सिन्हा जल्द ही रेखा के साथ आज फिर जीने की तमन्ना है में नजर आएंगे। राजनीतिक व्यस्तता के बावजूद सिन्हा का कहना है किवह अभिनय को कभी विदा नहीं कहेंगे। उन्होंने कहा मैं अपने अंदर के अभिनेता को कैसे नकार सकता हूं। यह बड़ी बात है कि मैं कौन हूं। मैं फिल्में लगातार करता रहूंगा।

Post a Comment

0 Comments