जवान शीला और बदनाम मुन्नी के साथ थिरकी दिल्ली



नई दिल्ली, जागरण संवाददाता :
माई नेम इज शीला, शीला की जवानी.., मुन्नी बदनाम हुई डार्लिग तेरे लिए.., नाचेंगे सारी रात सोणिया वे..। इन गानों के साथ ही धूमधड़ाका करते हुए दिल्लीवासियों ने नए साल का स्वागत किया। शुक्रवार रात 11 बजकर 59 मिनट पर म्यूजिक का शोर थमता है। बत्तियां बंद कर दी जाती हैं। लोग सांस रोक कर एक-एक सेकेंड गिनते हैं। जैसे ही घड़ी की सुइयां 12 बजाती हैं, चारों तरफ हैप्पी न्यू इयर का शोर मचने लगता है। सभी अपने साथियों व सगे संबंधियों को न्यू इयर विश करने लगते हैं। इसके साथ ही म्यूजिक की तेज आवाज एक बार फिर से गूंजने लगती है और कुछ देर के लिए थमे कदम फिर से थिरकने लगते हैं। शुक्रवार को दिल्ली के लगभग सभी माल्स, फार्म हाउसों, होटलों व रेस्टोरेंटों में कुछ ऐसा ही नजारा आम था। हर ओर रंगीन लाइटिंग, गुब्बारों व लड़ियों के साथ तेज धुन संगीत के साथ नववर्ष का स्वागत किया गया। इस दौरान राजधानी की फिजा एकदम बदली-बदली सी थी। सब पर एक अलग सी ही खुमारी छाई थी।
नव वर्ष के स्वागत के लिए दिल्ली के तमाम होटलों, रेस्टोरेंटो, मॉल्स व फार्म हाउसों में स्पेशल नाइट्स का आयोजन किया गया था। कहीं फिल्म अभिनेत्री कश्मीरा शाह अपनी अदाओं से लोगों को दीवाना बना रहीं थीं तो कहीं पॉप सिंगर सुखबीर लाइव शो कर लोगों को झूमने को मजबूर कर रहे थे। इसके अतिरिक्त तमाम जगहों पर देसी-विदेशी कलाकार लोगों का मनोरंजन कर रहे थे। हालांकि अन्य डिस्कोथेक व निजी तौर पर डीजे की व्यवस्था करने वालों के कदम तो बस शीला की जवानी व मुन्नी की बदनामी पर ही थिरकना चाह रहे थे। देर रात तक इन्हीं गानों को ही रिपीट किया जा रहा था।
कम ही धड़का दिल्ली का दिल
नई दिल्ली, जासं : नए साल के स्वागत के दौरान दिल्ली का दिल माने जाने वाले कनॉट प्लेस में सन्नाटा छाया रहा। नव वर्ष सेलिब्रेट करने वालों के लिए हॉट स्पॉट रहने वाले सीपी के इक्का-दुक्का रेस्टोरेंटों व डिस्कोथेक को छोड़ दिया जाए तो अधिकांश जगह बस पुलिस वाले ही देखने को मिल रहे थे। सुरक्षा व्यवस्था का आलम यह था कि आम तौर पर देर रात तक खुलने वाली दुकानें भी शुक्रवार की शाम से ही बंद करा दी गई। पुलिस कमिश्नर बीके गुप्ता लगातार कनॉट प्लेस का भ्रमण करते रहे।

Post a Comment

0 Comments